उत्तराखंडताजा खबरें

दून में इन्फ्लुएंसर पर हमला, पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार

देहरादून: क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश अब भी जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी।

जानकारी के अनुसार, बीती 28 फरवरी की रात क्लेमेंटटाउन स्थित चाय सुट्टा बार में देहरादून के इन्फ्लुएंसर हिमांशु नेगी उर्फ ‘हनी बॉय’ अपने साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान पांच युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की। घटना स्थल पर मौजूद एक व्यक्ति को पूरी घटना का वीडियो बनाते हुए भी देखा गया, जिसका फुटेज बाद में सामने आया।

पीड़ित हिमांशु नेगी ने थाना क्लेमेंटटाउन में दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि साहिल, सक्षम और उनके तीन अन्य साथियों ने चाय सुट्टा बार के बाहर उनके साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद 3 मार्च को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दो आरोपी—सक्षम और साहिल—को गिरफ्तार कर लिया।

क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों को आपत्ति थी कि हिमांशु नेगी उनकी एक महिला मित्र को अपने साथ घुमाने ले जाते थे। इसी बात को लेकर उन्होंने कथित तौर पर हमला करने की योजना बनाई और चाय सुट्टा बार के बाहर मारपीट की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button