दून में प्रधानमंत्री मोदी का ऐतिहासिक 12 किमी रोड शो, हजारों लोगों ने किया भव्य स्वागत

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर देहरादून में भव्य 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड में अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा और सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत डाट काली मंदिर (जय मां दात काली मंदिर) में पूजा-अर्चना से की। यहां उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने देहरादून कैंट स्थित सभा स्थल तक लगभग 12 किलोमीटर का रोड शो किया, जिसे अब तक का सबसे लंबा रोड शो बताया जा रहा है।
रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा और आमजन उमड़ पड़े। चारों तरफ “भारत माता की जय”, “मोदी-मोदी” के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जनता के उत्साह और प्यार से वे बेहद प्रसन्न नजर आए।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा मिलती है। यहां के लोगों का स्नेह उन्हें देश के विकास के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने रोड शो में उमड़े जनसैलाब के लिए आभार जताते हुए कहा कि लोगों के अपार प्रेम के कारण उनका काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ा और सभा स्थल पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। इस देरी के लिए उन्होंने जनता से क्षमा भी मांगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राजधानी देहरादून में पहली बार इतने लंबे रोड शो का आयोजन हुआ है। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और शहर के कई इलाकों में यातायात को डायवर्ट किया गया था।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह उत्तराखंड दौरा उनका 28वां दौरा है। इस यात्रा के दौरान उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) का लोकार्पण भी किया, जो दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को 6-7 घंटे से घटाकर मात्र 2.5 घंटे कर देगा।
यह रोड शो और एक्सप्रेसवे का लोकार्पण उत्तराखंड की कनेक्टिविटी, पर्यटन और समग्र विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।




