उत्तराखंडताजा खबरें

 विधवा कनिष्का का हाउस टैक्स माफ, 239 शिकायतों का तुरंत निस्तारण

  • गरीबों को मिली राहत, विधवाओं-बेटियों की शिक्षा पुनर्जीवित
  • जन दर्शन में गरीबों-विधवाओं को तुरंत राहत दी

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जन दर्शन/जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 239 फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

जनता दरबार में सबसे अधिक स्कूल फीस माफी से संबंधित शिकायतें आईं। विधवा कनिष्का गर्ग (शिवलोक कॉलोनी, कावली रोड) ने अपने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट का हवाला देते हुए 47,230 रुपये के हाउस टैक्स को माफ करने की गुहार लगाई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को राइफल क्लब फंड से पूरा हाउस टैक्स जमा कराने के निर्देश दिए।गरीब गंगा राम की पुत्री के विवाह के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी। 66 वर्षीय विधवा नीलम ने पानी के 18,335 रुपये के बिल को माफ करने की प्रार्थना की, जिस पर जिलाधिकारी ने 5,579 रुपये सेटलमेंट के बाद शेष 12,776 रुपये का भुगतान जिला प्रशासन द्वारा जल संस्थान को कराने के निर्देश दिए।

विधवा किरण धीमान को रोजगार दिलाने तथा उनकी पुत्री की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से पुनर्जीवित करने और पुत्र की फीस माफी के लिए श्री गुरु राम राय स्कूल प्रबंधन को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के अंतर्गत विधवा हसीना, कविता, रजनी कश्यप, पायल गोयल, नसीम तथा कैंसर से ग्रस्त धीरज सिंह रावत की बेटी समेत कई अन्य बेटियों की शिक्षा की फीस वहन करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं विधवाओं के प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए दर्जनों आवेदनों पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) से तत्काल रिपोर्ट मांगी। समाज कल्याण विभाग को गंगा राम के मामले में 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने और अन्य जरूरतमंद परिवारों की मदद के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राशन कार्ड, बिजली-पानी बिल, मुआवजा आदि समस्याओं पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फ्रीडम फाइटर समिति की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष आशा लाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल के संवेदनशील प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की और उन्हें संविधान के अनुच्छेद-21 पर आधारित पुस्तक भेंट की।

इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, विभिन्न एसडीएम, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संकल्प से प्रेरित यह जन दर्शन गरीब, विधवा, बुजुर्ग और छात्राओं के लिए न्याय और सहायता का मजबूत संदेश देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button