कैंची धाम–भवाली में वीकेंड भीड़, ट्रैफिक संभालने उतरी नैनीताल पुलिस

- पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ाई निगरानी
नैनीताल: कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया है। शनिवार और रविवार को क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने के कारण पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुबह से ही पुलिस बल प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में तथा डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में यह विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है और अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। एसपी ट्रैफिक स्वयं मौके पर मौजूद रहकर यातायात संचालन की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी स्थान पर वाहनों की लंबी कतारें न लगें।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक वृद्धि होने से भवाली, कैंची और आसपास के मार्गों पर दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जाए और यातायात को बाधित होने से रोका जाए। इसके अलावा पर्यटकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों में सहयोग करें।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत 112 नंबर डायल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी टीम लगातार मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात है।




