उत्तराखंडताजा खबरें

केदारनाथ यात्रा को नई सुविधा: रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर केदारघाटी और जोशीमठ क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य तेज हो गए हैं।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में दो अहम परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रुद्रप्रयाग के रतूड़ा गांव में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और चमोली जिले के जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

रुद्रप्रयाग के रतूड़ा गांव में करीब 34.29 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पहाड़ी शैली में राज्य अतिथि गृह का निर्माण किया जाएगा। इसमें 20 कमरे, दो वीवीआईपी सुइट्स और अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी। सचिव डॉ. राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि भवन का डिजाइन पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप हो। परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए संशोधित प्रस्ताव और अलग-अलग डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए।

यह अतिथि गृह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आने वाले विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों और पर्यटकों को बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराएगा।

जोशीमठ के रविग्राम में 5.69 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें कुल 97 वाहनों (51 लोअर ग्राउंड + 46 ग्राउंड फ्लोर) की पार्किंग की व्यवस्था होगी।

सचिव ने पार्किंग तक पहुंचने वाले मार्ग को 7 मीटर चौड़ा करने, प्रवेश-निकास को अलग करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया एक माह में पूरी करने को कहा गया है। यह परियोजना औली जाने वाले पर्यटकों को पार्किंग संकट से बड़ी राहत देगी।

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों परियोजनाएं केदारघाटी और औली-जोशीमठ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button