उत्तराखंडताजा खबरें

महिला मोर्चा ने राहुल गांधी के दौरे का किया जोरदार विरोध

देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने उनके आगमन का विरोध करते हुए शहर में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में प्रदेशभर से पहुंची महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता सीएमआई चौक पर एकत्रित हुईं और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और भाजपा के झंडे लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, राज्य मंत्री मधु भट्ट समेत संगठन की कई प्रदेश, जिला और मंडल स्तर की पदाधिकारी मौजूद रहीं।रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर हमेशा दोहरा रवैया अपनाया है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं महिला सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं करेंगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सीएमआई चौक पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इसके बावजूद महिला कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जारी रखा। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के माध्यम से मौके से हटाया।

भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर वह आगे भी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button