उत्तराखंडताजा खबरें

मसूरी में अवैध निर्माण पर MDDA का शिकंजा, होटल के 12 कमरे सील

  • मसूरी में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: बंशीधर तिवारी
  • लाइब्रेरी रोड पर ‘होटल अतिथि’ में नियम विरुद्ध निर्माण मिलने पर प्राधिकरण ने की कार्रवाई

देहरादून/मसूरी: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मसूरी क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक होटल के 12 कमरों और अवैध बेसमेंट को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

एमडीडीए के अनुसार मसूरी के लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में देवेन्द्र अग्रवाल द्वारा ‘होटल अतिथि’ के नाम से किए गए निर्माण की जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण नियमों के विपरीत निर्माण पाया गया। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट और होटल के 12 कमरों को सील कर दिया।

एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। खासतौर पर मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित निर्माण से यातायात, पार्किंग, जल निकासी और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मसूरी जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एमडीडीए द्वारा ऐसे निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित और सुरक्षित विकास को सुनिश्चित करना है। भवन स्वामी निर्माण से पहले स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों का पालन करें।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि मसूरी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने भवन स्वामियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button