उत्तराखंडताजा खबरें

दिनेश आर्य से मिले सीएम धामी, राज्यसभा सांसद बनने पर दी बधाई

  • महेंद्र भट्ट भी रहे मौजूद; संसद में उत्तराखंड के मुद्दे प्रभावी ढंग से उठाने की जताई उम्मीद

देहरादून: उत्तराखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य अपने अनुभव और कार्यकुशलता के माध्यम से संसद में उत्तराखंड से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उनकी भूमिका राज्य के हितों और जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण होगी।
गौरतलब है कि भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित हुए। उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। शुक्रवार को नाम वापसी की समयसीमा पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग की टीम ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। प्रभारी सचिव विधानसभा एवं रिटर्निंग ऑफिसर हेम चन्द्र पन्त ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
दिनेश आर्य के राज्यसभा पहुंचने के साथ ही कुमाऊं क्षेत्र को लंबे समय बाद राज्यसभा में नया प्रतिनिधित्व मिला है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भगत सिंह कोश्यारी के बाद करीब 12 वर्षों के अंतराल पर कुमाऊं से एक नया चेहरा राज्यसभा सांसद बना है। गौरतलब है कि राज्यसभा सीट के चुनाव के लिए एकमात्र भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ही मैदान में थे। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल को देखते हुए विपक्ष कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतारने की जहमत नहीं उठाई।

Related Articles

Back to top button