उत्तराखंडताजा खबरें

झारखंड से अफीम लाकर उत्तराखंड में बेचने की तैयारी, किच्छा में दो आरोपी गिरफ्तार

  • STF और किच्छा पुलिस ने 7.050 किलो अफीम की बरामद
  • तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जांच जारी

किच्छा/ऊधमसिंह नगर: उत्तराखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने थाना किच्छा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलीक अहमद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी आरिफपुर नवादा, थाना सिविल लाइन, बदायूं (उत्तर प्रदेश) और जीतेन्द्र पुत्र रमेश सिंह, निवासी शांति बिहार, हंस पब्लिक स्कूल के पास, थाना सुभाष नगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

झारखंड से खरीदकर लाए थे अफीम

प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर लाए थे। उनकी योजना इसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की थी। STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट आरोपियों से पूछताछ कर अफीम की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, कोतवाली किच्छा पुलिस की ओर से निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक पवन जोशी और आरक्षी दीपक कुमार ने कार्रवाई में भाग लिया।

नशे की तस्करी की सूचना देने की अपील

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button