भारत-नेपाल के सीमांत संबंधों को मिली मजबूती, 33 करोड़ से बने छारछुम पुल का लोकार्पण

- दिल्ली से दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने किया पुल का उद्घाटन
- झूला पुलों पर निर्भरता घटेगी, वाहनों से आवागमन हो सकेगा
- व्यापारिक और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
पिथौरागढ़: भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क सुविधा मजबूत करने की दिशा में सोमवार को बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम गांव और नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव को जोड़ने वाले छारछुम मोटर पुल का विधिवत लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से पुल का लोकार्पण किया। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 110 मीटर लंबा यह पुल दोनों देशों के बीच आवागमन, व्यापार और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को नई गति देगा।
पुल के लोकार्पण के अवसर पर छारछुम में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम आयुक्त मयंक शर्मा और नेपाल के दार्चुला जिले के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल समेत दोनों देशों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मोटर पुल की सौगात मिलने पर सीमांत क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से खुशी जताई। उन्होंने इसके लिए भारत और नेपाल सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
नेपाल के दार्चुला जिले के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि पुल के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आर्थिक और सामाजिक रूप से लाभ होगा। अब तक लोगों को आवाजाही के लिए झूला पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन मोटर पुल शुरू होने से वाहनों के जरिए आवागमन संभव होगा। इससे लोगों का समय बचेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड क्षेत्र में भारत और नेपाल के बीच निर्मित दूसरा मोटर पुल है। इससे पहले बनबसा में दोनों देशों के बीच मोटर पुल से आवागमन होता है। छारछुम पुल के शुरू होने से धारचूला और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क सुविधा बेहतर होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।




