उत्तराखंडताजा खबरें

बैरागीवाला हिंसा: भाजपा नेता की हत्या के बाद CM धामी का सख्त संदेश, चार आरोपी गिरफ्तार

  • बवाल-तनाव के बीच प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

विकासनगर (देहरादून): सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में भाजपा से जुड़े किसान नेता विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे पवादून क्षेत्र में जनाक्रोश भड़क उठा और तनावपूर्ण माहौल बन गया।

रविवार को मृतक विनोद कुमार के परिजनों को न्याय दिलाने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण व विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बैरागीवाला पहुंचे। प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत विफल रहने के बाद आक्रोशित भीड़ ने घटना स्थल के पास एक भूसे के गोदाम में आग लगा दी। कुछ जगहों पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव भी किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मुख्यमंत्री का सख्त संदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि देवभूमि की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।

प्रशासन का बुलडोजर एक्शन बढ़ते जनदबाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों के अवैध निर्माणों पर जेसीबी मशीनें चलीं। पक्की दीवारें, शेड और अन्य अवैध ढांचे जमींदोज कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के समर्थन में नारेबाजी की। प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जे और निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

चार आरोपी गिरफ्तार दून पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए चार आरोपियों — रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज — को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

साम्प्रदायिक रंग घटना के बाद कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर पक्षपात का आरोप लगाया, जिसे विधायक ने खारिज करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।

प्रशासन और पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है, हालांकि भारी सुरक्षा बल की तैनाती से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button