मुख्यमंत्री धामी कल नैनीताल दौरे पर, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

नैनीताल/हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 16 अगस्त को नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करने के साथ ही अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों एवं विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी सुबह 8:40 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से कार द्वारा जीटीसी हैलीपैड पहुंचेंगे। वहां से सुबह 8:55 बजे हेलीकॉप्टर से नैनीताल के लिए रवाना होंगे। सुबह 9:55 बजे उनका चोरगलिया स्थित रा.इ.का. लाखनमंडी हैलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से वह कार द्वारा 10:10 बजे गौलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस पहुंचेंगे।
नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे। शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं विधायकों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठनात्मक विषयों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा होगी।




