उत्तराखंडताजा खबरें

भीषण गर्मी की चपेट में दून, 7 दिन राहत के आसार नहीं

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे उच्च तापमान है। मोहकमपुर क्षेत्र में दर्ज यह तापमान लोगों के लिए बेहद कष्टदायक रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दिनभर शहरवासियों को परेशान किया।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अगले सात दिनों में गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। देहरादून के अलावा हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के समीपवर्ती इलाकों में भी लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

पंतनगर में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर है। मुक्तेश्वर में 29.1 डिग्री और टिहरी में 29.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म ही रहने वाला है।

प्रशासन अलर्ट मोड में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड्स और गर्मी से संबंधित अन्य दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मौसम विशेषज्ञों ने आमजन से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। भरपूर मात्रा में पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और धूप से बचाव के लिए छाता, टोपी या स्कार्फ का इस्तेमाल करें।

अगले सात दिन भीषण गर्मी का येलो अलर्ट मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button