उत्तराखंडताजा खबरें

पौड़ी के शिक्षक गबर सिंह बिष्ट राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित

  • राष्ट्रपति ने दिल्ली में दिया सम्मान

पौड़ी: राष्ट्रीय शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026’ से अलंकृत किया। इस वर्ष विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में संपूर्ण उत्तराखंड से पौड़ी जिले के नैनीडांडा विकासखंड स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखाँद के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट एकमात्र शिक्षक हैं, जिन्हें इस सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है।

वर्ष 2003 से मुस्याखाँद विद्यालय में सेवारत गबर सिंह बिष्ट ने दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए अभूतपूर्व नवाचार किए हैं। उन्होंने गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों को बेहद सरल व रुचिकर ढंग से पढ़ाने के साथ ही छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तराशा। शिक्षण में डिजिटल प्लेटफॉर्म, आईसीटी, ई-कंटेंट, स्मार्ट क्लासरूम और गूगल मीट का प्रभावी उपयोग करने वाले बिष्ट ने कोरोना काल में भी ऑनलाइन माध्यम से बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी। पूर्व में राज्यपाल पुरस्कार और शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित बिष्ट की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना सहित पूरे जिले व प्रदेश के शिक्षा जगत ने उन्हें बधाई दी है।

Related Articles

Back to top button