विकासनगर में सट्टेबाजी पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

- कैनाल रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी, 4,270 रुपये नकद, सट्टा पर्ची और मोबाइल फोन बरामद
विकासनगर: देहरादून जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,270 रुपये नकद सहित सट्टे में इस्तेमाल होने वाली पर्ची, कॉपी, पेन और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर 2026 की रात कोतवाली विकासनगर की पुलिस टीम कैनाल रोड क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान शहनवाज जिम से आगे वाली गली में सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 4,270 रुपये नकद, सट्टे के नंबर लिखी पर्ची, कॉपी, पेन और एक सैमसंग मोबाइल फोन मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक (40 वर्ष), पुत्र सुधीर, निवासी गुरुद्वारा गली, विकासनगर और विशाल गुप्ता (45 वर्ष), पुत्र प्रेमचन्द्र गुप्ता, निवासी पहाड़ी गली, विकासनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल पवन बिष्ट, कांस्टेबल सुरेन्द्र तोमर और कांस्टेबल अजय सिंह शामिल रहे।




