हल्द्वानी जंगल में संविदाकर्मी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

- कुल्हाड़ी से गले पर ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला
हल्द्वानी: हल्द्वानी के पीपलपड़ाव जंगल क्षेत्र में वन विभाग के संविदाकर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
जनपद नैनीताल के टांडा क्षेत्र अंतर्गत भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में 23 मई 2026 को वन कर्मी मेवा लाल का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान मेवा लाल पुत्र हरी लाल निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत थे। जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसने और मृतक ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से मेवा लाल के गले पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 45 वर्ष।
बरामदगी
हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी




