उत्तराखंडताजा खबरें

उत्तराखंड के वीरों ने छुआ आसमान, एवरेस्ट पर NSG का शानदार सफल अभियान

देहरादून: उत्तराखंड ने एक बार फिर दुनिया को अपनी साहसिक क्षमता का परिचय दिया है। देहरादून निवासी मेजर अखिलेश भट्ट के नेतृत्व में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की 16 सदस्यीय टीम ने 23 मई 2026 को प्रातः 3:26 बजे नेपाल समयानुसार माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर सफल आरोहण कर इतिहास रच दिया। काठमांडू से मात्र 20 दिनों में शिखर तक पहुंचना इस अभियान को एवरेस्ट इतिहास में दुर्लभ उपलब्धि बनाता है।

अभियान का नेतृत्व इंद्रापुर (देहरादून) निवासी मेजर अखिलेश भट्ट ने किया, जो मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के घनसाली के रहने वाले और दिनेश प्रसाद भट्ट के पुत्र हैं। टीम में डिप्टी लीडर की भूमिका पौड़ी गढ़वाल के कंडाई गांव के सूबेदार सुरेश कुमार बेबनी ने निभाई। शिखर पर पहुंचने वाले अन्य उत्तराखंडी जवानों में चमोली के नायक राहुल सिंह, अल्मोड़ा के नायक पंकज सिंह दोसाद और उत्तरकाशी के कमांडो गौतम बुटोला शामिल रहे।

यह सफलता लंबी तैयारी का नतीजा है। अक्टूबर 2025 में मेजर अखिलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने गढ़वाल हिमालय के माउंट सतोपंथ (7075 मीटर) का आरोहण किया था। इसके बाद लाहौल-स्पीति में चरम शीतकालीन प्रशिक्षण और माउंट कानामो (5975 मीटर) की सफल चढ़ाई के बाद टीम ने एवरेस्ट अभियान के लिए खुद को तैयार किया।

NSG प्रवक्ता ने इस उपलब्धि को ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ के ध्येय का जीवंत उदाहरण बताया। उत्तराखंड सरकार और पूरे देश ने इन वीर सपूतों को बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button