उत्तराखंडताजा खबरें

नर्सिंग आंदोलनकारियों पर मुकदमे वापस लो, नहीं तो आंदोलन- कांग्रेस

  • जनमुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

देहरादून: नवनियुक्त गढ़वाल मंडल प्रदेश अध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित सभी नर्सिंग आंदोलनकारियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।

आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि महिला कांग्रेस द्वारा गढ़वाल मंडल में विधानसभा क्षेत्रवार अध्यक्षों की नियुक्ति शीघ्र की जाएगी। वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब और कमजोर वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष गंभीर समस्या बन चुका है। बाघ, बंदर, सूअर और भालू के हमलों से लोग परेशान हैं तथा खेती चौपट हो रही है।

उन्होंने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने में असफल साबित हुई है। पर्यटन सीजन में चारों ओर जाम की स्थिति बनी हुई है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही हैं। उन्होंने अंकिता हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और सीबीआई जांच की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और भाजपा नेताओं के नाम सामने आने पर भी चिंता जताई। बेरोजगारी और नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि पेपर माफिया युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। साथ ही, 2024 नीट पेपर लीक के बाद इसरो के पूर्व अध्यक्ष के नेतृत्व में बनी समिति की रिपोर्ट को नजरअंदाज किए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के बीच गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मलीन बस्तियों को उजाड़ने की साजिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उच्च न्यायालय के संज्ञान लेने के बावजूद लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं की जा रही, ताकि मंत्रियों के भ्रष्टाचार को छिपाया जा सके।

प्रेस वार्ता में पुष्पा पंवार, निधि नेगी, पूनम सिंह और अनुराधा तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button