अगले एक साल में उत्तराखंड के कई बड़े इंफ्रा प्रोजेक्ट पूरे होंगे: CM धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अगले एक साल में राज्य की सड़क और रेल परियोजनाओं की रफ्तार और तेज होगी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे, जिससे कनेक्टिविटी सुधरेगी और पर्यटन व तीर्थाटन क्षेत्र को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
सीएम धामी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद अब राज्य में इंफ्रा विकास का नया दौर शुरू हो गया है। केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये के विभिन्न इंफ्रा प्रोजेक्ट्स पर कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पौंटा साहिब-देहरादून फोर लेन (1650 करोड़) मार्ग अगले महीने तक यातायात के लिए खुल जाएगा। जून 2026 में सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 6-लेन हाईवे (51 किमी) पूरा हो जाएगा। वहीं हरिद्वार बाईपास (1600 करोड़) का प्रथम चरण अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की तैयारी है, जो आगामी कुंभ मेला के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
ऋषिकेश बाईपास (1100 करोड़) पर अगस्त 2026 तक काम शुरू हो जाएगा। झाझरा-आशारोड एलिवेटेड रोड (716 करोड़) को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
कुमाऊं क्षेत्र में रुद्रपुर फोरलेन बाईपास (1050 करोड़) अक्टूबर 2026 तक और काशीपुर बाईपास (936 करोड़) दिसंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा टनकपुर-पिथौरागढ़-लिपुलेख सड़क परियोजना भी अगले एक साल में पूरी होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णप्रयाग रेल लाइन के प्रथम चरण का लोकार्पण इसी साल के अंत तक संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप आधुनिक सड़कें राज्य की भाग्य रेखा साबित हो रही हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक विकास को नई ऊंचाई मिलेगी।




