मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूचना विभाग ने लगाया सोलर प्लांट, बिजली खर्च में भारी बचत

- 70 किलोवाट सोलर प्लांट से सूचना विभाग का बिजली बिल हुआ 98% कम
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। देहरादून स्थित उत्तराखंड सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के रिंग रोड, 6 नंबर पुलिया, रायपुर स्थित मुख्यालय पर 70 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है।
इस सोलर प्लांट का सकारात्मक असर पहले ही महीने में दिख गया। अप्रैल 2026 में विभाग का बिजली बिल घटकर मात्र ₹1700 रह गया, जबकि पहले कमर्शियल टैरिफ के तहत प्रतिमाह लगभग ₹1 लाख 20 हजार का बिजली बिल आता था। इस पहल से विभाग को मासिक बिजली खर्च में भारी बचत हो रही है।
यह सोलर प्लांट उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) द्वारा नि:शुल्क स्थापित किया गया है। प्लांट से उत्पादित बिजली को उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के ग्रिड से जोड़ दिया गया है, जिससे विभाग को स्वच्छ और निर्बाध ऊर्जा मिल रही है।
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राज्य सरकार सरकारी कार्यालयों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री सौर स्वरोजगार योजना राज्य में बेहद सफल साबित हो रही हैं।
तिवारी ने आगे बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में सौर ऊर्जा उत्पादन 1000 मेगावाट की सीमा पार कर चुका है। सूचना विभाग के अलावा एमडीडीए द्वारा आईएसबीटी परिसर में 100 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया गया है। इसके साथ ही सिटी फॉरेस्ट पार्क में पंप और स्ट्रीट लाइट्स भी सोलर ऊर्जा से संचालित हो रही हैं।
महानिदेशक ने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अपना योगदान दें।
यह पहल न केवल सरकारी खर्च में बचत कर रही है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबल डेवलपमेंट की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है।




