2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, 2027 के लिए बूथ स्तर पर तैयारी

- सांसद-विधायक व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक
- ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत करने के लिए फिर बनेगी सरकार’
देहरादून: भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज करते हुए कार्यकर्ताओं में जीत का उत्साह भरने का प्रयास किया। पार्टी नेतृत्व ने देवभूमि उत्तराखंड को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की धुरी बताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के अनुसार, प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद-विधायक बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारधारा का प्रतीक है। इसे 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से सत्ता में लाना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि से हमेशा भगवा विचारधारा का संदेश देशभर में जाता रहा है और कार्यकर्ताओं में मनचाहे परिणाम हासिल करने की पूरी क्षमता मौजूद है। उन्होंने संगठन को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
एसआईआर अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को आने वाले वर्षों के लिए मजबूत आधार तैयार करना है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि पूर्व पीढ़ियों ने संघर्ष कर संगठन को मजबूत बनाया और अब वर्तमान कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इसे और आगे बढ़ाएं।
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि बूथ समितियों को केवल चुनावी समय तक सीमित न रखकर वर्षभर सक्रिय रखा जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यक्रमों, ‘मन की बात’ और बूथ बैठकों को तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में भगवा विचारधारा लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड विकास सूचकांकों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और रोजगार के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। रिवर्स पलायन में वृद्धि और यूसीसी जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेंगे।
बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, अजेय कुमार, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर पालिका अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए।




