उत्तराखंडताजा खबरें

अवैध निर्माणों पर चला MDDA का बुलडोजर, कई व्यावसायिक भवन सील

  • अवैध प्लॉटिंग-निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा
  • मसूरी-ऋषिकेश में ढहाई गई इमारतें
  • मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में संयुक्त अभियान

देहरादून: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपने क्षेत्र में अवैध निर्माणों और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान कई अवैध व्यावसायिक भवनों को सील किया गया, जबकि अवैध प्लॉटिंग और निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

प्राधिकरण की टीम ने संयुक्त सचिव गौरव चटवाल और एसडीएम ऋषिकेश-मसूरी के निर्देश पर माजरा, सुद्धोवाला, बड़ोवाला, शिमला बाईपास रोड, डिस्पेंसरी रोड, ऋषिकेश और मसूरी क्षेत्रों में बिना अनुमति चल रहे निर्माणों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

ऋषिकेश में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, मसूरी में गिराई गई अवैध इमारतें

ऋषिकेश के लेन नंबर-03, निर्मल बाग ब्लॉक-ए में लगभग तीन बीघा भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर टीम ने मौके पर पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों को रोका और अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। इस भूमि पर बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के प्लॉट काटे जा रहे थे, जो विकास प्राधिकरण अधिनियम का सीधा उल्लंघन था।इसी अभियान के तहत मसूरी के दलाई हिल्स, हैप्पी वैली क्षेत्र में संजय सहानी, अमित और चंदू द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण ने पर्वतीय क्षेत्रों में अनियंत्रित निर्माण को पर्यावरणीय दृष्टि से गंभीर खतरा मानते हुए विशेष सतर्कता बरती है।

देहरादून में कई व्यावसायिक परिसर सील

देहरादून शहर में डिस्पेंसरी रोड पर सुरेंद्र भाटिया के अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। अंबेडकर नगर और बड़ोवाला शिमला बाईपास क्षेत्र में नरेश गुप्ता के अवैध निर्माण पर भी सीलिंग की गई। इसके अलावा माजरा-सहारनपुर रोड क्षेत्र में बेला जैन, अनिल कुमार गुप्ता, वरुण गर्ग, राकेश गर्ग समेत अन्य लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया गया।

प्राधिकरण ने इन सभी भवन स्वामियों को पहले नोटिस जारी किए थे, लेकिन नियमों का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की गई।

अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं होंगे: बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “बिना स्वीकृति के निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था, यातायात और पर्यावरणीय संतुलन को भी नुकसान पहुंचाते हैं।”

उपाध्यक्ष ने आमजन से अपील की कि भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को दें।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई: मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति ले लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

यह अभियान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, शशांक सक्सेना, अजय मलिक, राजेंद्र बहुगुणा, अवर अभियंताओं, सुपरवाइजरों और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button