उत्तराखंडताजा खबरें
नंदा की चौकी के पास टोंस नदी पर बना अस्थायी पुल बहा, आवाजाही बंद

- प्रशासन ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर किया डायवर्ट
- पिछले वर्ष क्षतिग्रस्त हुआ था स्थायी पुल
देहरादून: लगातार हो रही बारिश के चलते प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी के पास टोंस नदी पर बनाया गया अस्थायी पुल बह गया। नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही तत्काल बंद कर दी है।
प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। पुल बहने से स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बारिश के दौरान नंदा की चौकी स्थित स्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद आवागमन सुचारु रखने के लिए यहां अस्थायी पुल का निर्माण किया गया था। अब उसके भी बह जाने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




