उत्तराखंडताजा खबरें

माता भरना देवी मंदिर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा

  • नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने वाले 2 शातिर और कबाड़ी गिरफ्तार

देहरादून: राजपुर थाना पुलिस ने पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर में हुई चोरी का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने ताला तोड़कर धार्मिक वस्तुएं चुराने वाले दो आरोपियों सिद्धार्थ थापा व अंकित भंडारी (दोनों निवासी बापू नगर, जाखन) और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी शत्रुघ्न (निवासी काटबांग्ला) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अष्टधातु की 4 मूर्तियां, शिवलिंग, घंटा, दीये, थालियां, तश्तरी और ₹2,000 की नकदी बरामद की गई है।

मामला 3 सितंबर का है, जब भगवंतपुर निवासी पंकज जोशी ने मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां व अन्य सामान चोरी होने की तहरीर दी थी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। 4 सितंबर को पुरुकुल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम (उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल सत्येंद्र और सुरेंद्र) ने दोनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के बाद चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी जंगल मंगल तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए रेकी कर कम सुरक्षा वाले मंदिरों और दुकानों को निशाना बनाते थे। वे चोरी का सामान सस्ते दामों में कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस अब तीनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button