उत्तराखंडताजा खबरें

विधानसभा निर्वाचन-2027: रुद्रप्रयाग में चुनावी तैयारियों की समीक्षा, क्रिटिकल बूथों की सूची बनाने के निर्देश

  • विधानसभा निर्वाचन-2027 के लिए मतदान केंद्रों का होगा निरीक्षण
  • ईवीएम-वीवीपैट और कार्मिकों के प्रशिक्षण की तैयारियों पर जोर

रुद्रप्रयाग: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं विभिन्न कार्यों के लिए नामित नोडल अधिकारियों के दायित्वों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत को मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन कार्यों में तैनात होने वाली विभिन्न टीमों का डाटाबेस आगामी 15 नवंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था, निर्वाचन कार्यों के लिए परिवहन व्यवस्था तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण एवं क्रिटिकल बूथों की सूची समय से तैयार करने को कहा, ताकि निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक मानव संसाधन की मांग एवं अन्य व्यवस्थाएं पूर्व में ही सुनिश्चित की जा सकें।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारियों के माध्यम से आगामी 15 दिनों के भीतर उन सभी विद्यालयों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, जहां मतदान केंद्र स्थापित किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों एवं भवनों की स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि नियमानुसार मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्य निर्वाचन से पूर्व ही पूर्ण कराए जा सकें।

उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) तथा प्रशिक्षण के लिए आवश्यक मशीनों के चयन सहित अन्य तकनीकी तैयारियों को भी निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की तैयारी समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप (SVEEP) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को अभी से प्रभावी ढंग से शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विगत निर्वाचनों में कम मतदान वाले बूथों की सूची तैयार की जाए। साथ ही ऐसे मतदेय स्थलों को भी चिन्हित किया जाए, जहां आगामी निर्वाचन में कम मतदान होने की आशंका हो अथवा मतदान बहिष्कार से संबंधित समस्याएं सामने आने की संभावना हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में समय रहते जनसंवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने तथा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान स्थलों पर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण एवं अन्य कार्यों में अधिक संख्या में कार्मिकों की सहभागिता वाले स्थलों पर मेडिकल टीमों की तैनाती तथा आवश्यक मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी अग्रिम कार्ययोजना तैयार की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पारुल गोयल, अधिशासी अभियंता जल निगम रमाकांत गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, एआरटीओ धर्मेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button