उत्तराखंडताजा खबरें

खटीमा में 14.97 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन, जाम से मिलेगी राहत

  • सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल निकासी सुविधाओं के विस्तार से खटीमा को आधुनिक नगर बनाने पर जोर
  • सीएम धामी बोले-खटीमा से मां-बेटे जैसा अटूट रिश्ता, क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

उधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई एवं बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखा जाएगा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button