उत्तराखंडताजा खबरें

दीपावली की रात भगदड़ के बीच कार के पिछले पहिये के नीचे आया 15 वर्षीय अर्श

  • पुलिस ने जारी किया CCTV फुटेज
  • धर्मपुर चौक पर कार और स्कूटी सवार युवकों के बीच हुआ था विवाद
  •  पुलिस की प्रारंभिक जांच में लापरवाही से कार पीछे करने की बात सामने आई

देहरादून: दीपावली की रात युवकों के बीच हुए विवाद के बाद धर्मपुर चौक पर मची अफरा-तफरी के दौरान 15 वर्षीय अर्श अंसारी की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दून पुलिस ने मंगलवार को प्रेस नोट जारी कर हादसे की प्रारंभिक जांच का विवरण साझा किया। पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है, जिसमें घटना से पहले और उसके दौरान की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, विवाद के दौरान कार चालक ने अचानक तेजी और लापरवाही से वाहन पीछे किया। इसी दौरान कार से उतर रहा अर्श पिछले पहिये की चपेट में आ गया। कार का पहिया उसके ऊपर चढ़ने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत दीपावली की देर रात रेसकोर्स स्थित सूरी चौक से हुई। यहां कार सवार युवकों और स्कूटी सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष अग्रवाल बेकरी के पास धर्मपुर चौक पहुंचे, जहां एक बार फिर उनके बीच कहासुनी और विवाद हुआ।

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में अर्श अपने साथियों के साथ कार में सवार दिखाई दे रहा है। वह कार से नीचे उतर रहा था, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान कार पीछे किए जाने से अर्श उसकी चपेट में आ गया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है।

पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज

मामले में 9 नवंबर को अर्श के पिता नदीम अंसारी निवासी ई-43, केवल विहार, सहस्रधारा रोड ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को उनके बेटे के दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी ने उसे दीपावली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। रात में जब उन्होंने फोन कर बेटे के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा। हालांकि, अगली सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर सूचना दी कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत पड़ा है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर डालनवाला कोतवाली में मुकदमा संख्या 189/2026 दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। कार चालक की भूमिका, दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह और घटना के दौरान हुई गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button