उत्तराखंडताजा खबरें

PM मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा को सराहा, धामी को लिखा पत्र

  • उत्तराखंड की 26 साल की विकास यात्रा को सराहा, कहा- 21वीं सदी का तीसरा दशक होगा उत्तराखंड का दशक

देहरादून: उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का परिश्रम, संकल्प और सामूहिक प्रयास उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के साथ अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बाबा केदारनाथ के दर्शन के दौरान कही गई अपनी बात भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले बाबा केदार के चरणों में उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। आज प्रदेशवासियों की मेहनत और दृढ़ संकल्प इस संकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने राज्य में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य को महत्वपूर्ण बताया। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से पर्यटन और व्यापार को मिलने वाले प्रोत्साहन का भी जिक्र किया।

पत्र में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित मास्टर प्लान के कार्यों का उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारों होमस्टे स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत बन रहे हैं। इसके साथ ही एडवेंचर, विंटर और सालभर पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास भी जारी हैं।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और भूमि कानूनों में पारदर्शिता लाने जैसे कदमों की भी सराहना की। उन्होंने हर गांव, हर परिवार और हर युवा तक विकास के अवसर पहुंचाने के संकल्प को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और जुड़ाव प्रदेश के विकास के लिए निरंतर प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button