उत्तराखंडताजा खबरें

दून किंग राइडर ने जीता विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का खिताब

  • फाइनल में दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से दी शिकस्त
  • साकेत पंत बने प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
  • सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
  • दिवंगत पत्रकार विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने के प्रयास की सराहना

देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का खिताब दून किंग राइडर ने अपने नाम कर लिया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से पराजित किया। मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दून किंग राइडर का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दून किंग राइडर ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 131 रन बनाए। टीम की ओर से साकेत पंत ने 47 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 46 रन बनाए। वहीं, अनिल डोगरा ने महज 23 गेंदों में सात चौकों की बदौलत नाबाद 39 रन की आक्रामक पारी खेली। मनमोहन शर्मा ने 18 रन का योगदान दिया। दून स्ट्राइकर्स की ओर से अजय राणा ने 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि सोबन गुसाईं को एक विकेट मिला।

132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सोबन गुसाईं ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। अमित शर्मा ने 13 और अरविंद रावत ने 12 रन का योगदान दिया। दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 12 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान सुनील कुमार ने दो और अनिल डोगरा ने एक विकेट हासिल किया।मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए साकेत पंत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से भी सम्मानित किया गया।

विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का सराहनीय प्रयास

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और विशिष्ट अतिथि रोशनी धूलिया उपस्थित रहीं। इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता सामूहिकता और स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने का बेहतरीन माध्यम है। हम सभी के प्रिय विकास धूलिया की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके विचारों और व्यक्तित्व को याद करने का अवसर है। उनके विचार और संबंध आज भी हमारी यादों और समाचार पत्रों के विभिन्न अंकों में धरोहर के रूप में मौजूद हैं।

उन्होंने विकास धूलिया को याद करते हुए कहा कि वह बेहद अनुभवी, विनम्र और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से पत्रकारिता जगत के लोगों ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा अपने दिवंगत पत्रकार साथियों की स्मृति में इस तरह के आयोजन करना बेहद सराहनीय है। समय के साथ पुरानी यादें धुंधली पड़ने लगती हैं, लेकिन ऐसे आयोजन उन्हें जीवंत बनाए रखते हैं। इसके लिए प्रेस क्लब की पूरी कार्यकारिणी बधाई की पात्र है।

तिवारी ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सामूहिकता, मित्रता और पत्रकारिता परिवार की एकता का प्रतीक भी है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, खेल संयोजक सोबन गुसाईं, संप्रेक्षक विजय जोशी, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा और मीना नेगी, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र डंगवाल (पार्थ), रश्मि खत्री, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल, हिमांशु जोशी, मनबर रावत, ओम प्रकाश जोशी तथा पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button