उत्तराखंडताजा खबरें

उत्तराखंड में मार्च में चुनाव की संभावना, जनवरी में आचार संहिता

  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 27 से 30 जनवरी का प्रस्ताव रखा
  • 28 मार्च 2027 को समाप्त होगा धामी सरकार का कार्यकाल
  • उत्तराखंड में एक चरण में मतदान कराए जाने की संभावना

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होने लगी है। प्रदेश में अगले साल मार्च के पहले सप्ताह में विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। संभावित चुनावी कार्यक्रम के तहत जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू की जा सकती है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू करने का प्रस्ताव रखे जाने की चर्चा है। हालांकि, चुनाव की तारीखों पर अंतिम निर्णय भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस बार चुनाव फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह में कराने की संभावना के पीछे सबसे प्रमुख वजह बोर्ड परीक्षाओं को माना जा रहा है। उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न शिक्षा बोर्डों की परीक्षाएं फरवरी से मार्च तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया और परीक्षाओं के बीच तालमेल बैठाना निर्वाचन आयोग तथा प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी।

बोर्ड परीक्षाओं के चलते मार्च में मतदान की संभावना

विधानसभा चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है। मतदान केंद्रों के संचालन से लेकर चुनावी ड्यूटी तक बड़ी संख्या में शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की तैनाती की जाती है। दूसरी ओर, फरवरी और मार्च में बोर्ड परीक्षाओं के कारण स्कूलों में परीक्षा केंद्रों और शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी।

इसी को देखते हुए जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने और मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने की संभावना जताई जा रही है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार पांच से दस मार्च के बीच मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, अभी इस कार्यक्रम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

28 मार्च 2027 को समाप्त होगा धामी सरकार का कार्यकाल

उत्तराखंड में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में संवैधानिक समयसीमा के भीतर नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए मार्च के पहले सप्ताह में मतदान और उसके बाद मतगणना की संभावित समय-सारिणी पर चर्चा हो रही है।

उत्तराखंड में एक चरण में हो सकता है मतदान

वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ उत्तराखंड में भी चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश में इस बार तीन चरणों में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है, जबकि उत्तराखंड में एक ही चरण में चुनाव संपन्न हो सकते हैं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में सात चरणों में और उत्तराखंड में एक चरण में मतदान हुआ था। उत्तराखंड में 14 फरवरी 2022 को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 10 मार्च को हुई थी।

फरवरी से शुरू होंगी प्रमुख बोर्ड परीक्षाएं

चुनावी कार्यक्रम निर्धारित करने में सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। सीबीएसई की कक्षा 10 और 12 की मुख्य परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से प्रस्तावित हैं। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। वहीं, आईसीएसई की कक्षा 10 की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च और आईएससी की कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल तक प्रस्तावित हैं। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह के बीच आयोजित होने की संभावना है।

पिछले चुनावों में फरवरी में हुआ था मतदान

उत्तराखंड के पिछले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में 14 फरवरी, 2017 में 15 फरवरी, 2012 में 30 जनवरी, 2007 में 21 फरवरी और 2002 में 14 फरवरी को मतदान हुआ था। इस बार बोर्ड परीक्षाओं और विधानसभा के कार्यकाल को देखते हुए मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना चर्चा में है।

पांच राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव

उत्तराखंड के साथ वर्ष 2027 में पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त होगा। गोवा में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकार का कार्यकाल 14 मार्च और मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 तक है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल मई 2027 में पूरा होगा।

इन पांच राज्यों में चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग को अलग-अलग राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक संसाधनों और अन्य आवश्यक पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्यक्रम तय करना होगा। फिलहाल उत्तराखंड में संभावित चुनावी कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों से लेकर प्रशासनिक तंत्र तक की निगाहें निर्वाचन आयोग की घोषणा पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button