उत्तराखंडताजा खबरें

धामी कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, मानदेय वृद्धि से भर्ती और शहरी विकास तक बड़े फैसले

  • आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी और वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा में छूट
  • मेडिकल कॉलेजों के पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल राज्य में सेवा का बॉन्ड
  • खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस 5 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में वन भूमि, सरकारी भर्तियों, कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी विकास, पेयजल और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि और वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने को मंजूरी दी।

कैबिनेट ने ऋषिकेश के बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि के साथ बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।

हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर

शहरी विकास के तहत हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया गया है। इनमें 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इसके अलावा भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता तथा लैंड यूज परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी को मंजूरी दी गई।

स्वास्थ्य सेवाओं में ईएसआई फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा अभ्यर्थियों को भी पात्रता दी गई है। एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन और राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए पढ़ाई पूरी होने के बाद दो वर्ष राज्य में सेवा देने की बॉन्ड व्यवस्था को भी मंजूरी मिली।

सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को स्वीकृति दी गई, जिसमें असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया गया है। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद और आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।

चीनी मिलों के लिए 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी

कैबिनेट ने चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई, जबकि खनिज रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई। निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों से एनएचआईडीसीएल को हटाने का निर्णय भी लिया गया।

इसके अलावा ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026, सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और आईटी पदों तथा उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। राजस्व नियमावलियों में बदलाव के लिए समितियां गठित करने और पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

एक नजर में धामी कैबिनेट के 23 फैसले

  1. बापूग्राम की 594 एकड़ वन भूमि, बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों की आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति।
  2. आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि।
  3. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय पर निर्णय के लिए मुख्यमंत्री अधिकृत।
  4. वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष।
  5. उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी।
  6. सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी।
  7. सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद।
  8. ईएसआई फार्मासिस्ट भर्ती में बी. फार्मा अभ्यर्थियों को भी पात्रता।
  9. एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन।
  10. पीजी करने वाले सरकारी मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों के लिए दो साल सेवा का बॉन्ड।
  11. महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी।
  12. आबकारी विभाग में 11 नए पद स्वीकृत।
  13. सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और आईटी पदों को मंजूरी।
  14. हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर और 21 स्टेशन बनाने का निर्णय।
  15. भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज में शिथिलता।
  16. लैंड यूज परिवर्तन की दरों में 25 प्रतिशत की कमी।
  17. ग्रामीण पेयजल योजनाओं की संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 को मंजूरी।
  18. अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति।
  19. राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति।
  20. निर्माण कार्यों की सूची से एनएचआईडीसीएल को हटाया गया।
  21. चीनी मिलों के लिए 75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी।
  22. जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत।
  23. पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान मंजूर।

Related Articles

Back to top button