उत्तराखंडताजा खबरें

भीकमपुर नदी में डूबे तीन युवकों में से एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

  • एसडीआरएफ ने दूसरे दिन चलाया सर्च ऑपरेशन, 19 वर्षीय सूरज सिंह का शव मिला
  • जिलाधिकारी के निर्देश पर दोबारा शुरू किया गया तलाशी अभियान

रुड़की: हरिद्वार जिले के भीकमपुर के समीप नदी में डूबे तीन युवकों में से एक का शव एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान सूरज सिंह (19 वर्ष), पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद से लापता दो अन्य युवकों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को थाना लक्सर से नदी में तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट बहादराबाद से उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, देर तक तलाश करने के बावजूद युवकों का कोई पता नहीं चल सका।

बुधवार को जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और सुबह से ही नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान जवानों ने सूरज सिंह का शव बरामद किया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

एसडीआरएफ की टीम शेष दो लापता युवकों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Related Articles

Back to top button