फर्जी हॉलमार्क लगाकर असली सोना बदलने वाले गिरोह का भंडाफोड़

चमोली: फर्जी होलमार्क लगाकर असली सोना बदलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से फर्जी होलमार्क लगाने वाली मशीन व अन्य उपकरण भी बरामद किये गये है।
जानकारी के अनुसार बीती 19 मार्च को लवली रावत पत्नी संदीप रावत निवासी ग्राम थ्ौंग (हाल निवासी डाडो) ज्योतिर्मठ द्वारा कोतवाली ज्योर्तिमठ में तहरीर देकर बताया गया था कि उन्होंने जुलाई 2025 में अपनी नथ व झुमके 40 हजार रूपये में प्रतिमाह 2 हजार रूपये ब्याज पर अपर बाजार ज्योर्तिमठ स्थित आदय ज्वैलर्स के संचालक बंटी कुमार के पास गिरवी रखे थे। नवंबर 2025 में 40 हजार रूपये वापस करने के बाद दिसंबर माह में उनके द्वारा ज्वैलरी वापस ली गयी। जब वादिनी द्वारा नथ और झुमके पहने गए तो अन्य लोगों द्वारा उनके नकली होने की आशंका व्यक्त की गई। ज्वैलरी की चमक एवं गुणवत्ता पर शक होने पर उनके द्वारा उक्त ज्वैलरी को बाजार के अन्य ज्वैलर्स के यहां दिखाया गया। जहाँ उन्हें पता चला कि नथ और झुमके नकली हैं। जिन पर चालाकी से होलमार्क लगाया गया था। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान पुलिस द्वारा पीड़िता से विस्तृत पूछताछ की गयी और आरोपी बंटी कुमार द्वारा उन्हें दी गयी पीली धातु की नकली 2 नथ व 2 झुमके कब्जे में लेकर सील किए गए। आरोपी बंटी कुमार को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पीड़िता के असली सोने के आभूषणों के बदले नकली आभूषण तैयार करवाए और उन पर फर्जी होलमार्क लगाकर पीड़िता को वापस कर दिया।
पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग निवासी पंकज कुमार प्रभु कम कैरेट की ज्वेलरी पर फर्जी 20 कैरेट की मोहर लगाकर उसे असली हॉलमार्क ज्वेलरी की तरह तैयार करता था, जिसके लिए उसके पास बिना लाइसेंस की हॉलमार्क मशीन भी मौजूद है सूचना के आधार पर पुलिस टीम कर्णप्रयाग पहुंची और आरोपी बंटी कुमार की निशानदेही पर पंकज कुमार प्रभु को कर्णप्रयाग बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से हॉलमार्क लगाने में प्रयुक्त मशीन व अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




