उत्तराखंडताजा खबरें

मंत्री गणेश जोशी के आवास पर सजी होली की महफ़िल

देहरादून: होली के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के हाथीबड़कला स्थित आवास पर स्नेह, समरसता और संस्कृति से सराबोर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्धजन, मीडिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएँ दीं।

समारोह में कुमाऊँ और गढ़वाल की पारंपरिक लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। राठ होलियारों द्वारा प्रस्तुत खड़ी होली और फाग गीतों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि मसकबीन, ढोल और दमाऊँ की थापों ने समूचे परिसर को लोकधुनों से गुंजायमान कर दिया। उपस्थित अतिथियों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का आनंद लिया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी कलाकारों के साथ फाग गाकर और नृत्य कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि हमारी लोकपरंपराएँ और सांस्कृतिक धरोहर ही हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित और प्रोत्साहित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि होली का पर्व सामाजिक सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।

यह अवसर हमें जीवन की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता को अपनाने की प्रेरणा देता है। होलिका दहन बुराइयों पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, इसलिए हमें अपने भीतर की ईर्ष्या, द्वेष और कटुता को समाप्त कर समाज में सद्भाव का वातावरण बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेते हुए आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ होली पर्व मनाया।

मंत्री जोशी ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button