सोशल मीडिया पर असंवेदनशीलता नहीं होगी बर्दाश्त, एडवाइजरी जारी

देहरादून: कोतवाली क्षेत्र में हुई एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों को सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतका की पहचान उजागर करने, फोटो अथवा वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस संवेदनशील घटना के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मृतका से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिस पर मृतका के परिजनों ने गहरी आपत्ति जताई है। व्यापार मंडल एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भी इसे अमानवीय बताते हुए पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की फोटो, वीडियो या आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करें। पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर मृतका की पहचान उजागर करता है या ऐसी सामग्री प्रसारित कर पीड़ित परिवार की भावनाओं को आहत करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्त मच्छी बाजार क्षेत्र में रविवार को एक 23 वर्षीय युवती की हत्या की घटना सामने आई। दूल्हा मार्केट के समीप बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल अवस्था में युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आकाश कुमार को मौके से भागने के प्रयास के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं व्यापारियों ने विरोध स्वरूप कुछ समय के लिए दुकानें बंद रखीं। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




