उत्तराखंडताजा खबरें

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ की बैठक, 25 लाख ग्रेज्युटी व वेतन संशोधन की मांग उठाई

  • वन विकास निगम स्केलर कर्मचारियों के वेतनमान संशोधन समेत कई प्रस्ताव पारित
  • राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने की शासन से कई महत्वपूर्ण मांगें

देहरादून: राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड प्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को अरण्य विकास भवन, 73 नेहरू रोड, डालनवाला, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी द्वारा किया गया।

बैठक में राज्य के विभिन्न निगमों एवं प्राधिकरणों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं, वेतन विसंगतियों और विभिन्न सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

महासंघ ने राज्य निगमों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 25 लाख रुपये ग्रेज्युटी लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग है और सरकार को इसे शीघ्र पूरा करना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को सेवा निवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा मिल सके।इसके अलावा, महासंघ ने शिथलीकरण (रिलैक्सेशन) के लाभ को लेकर भी मुद्दा उठाया। वर्तमान में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को यह लाभ दिया जा रहा है, लेकिन निगमों और प्राधिकरणों के कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया है। महासंघ ने मांग की है कि सभी निगमों एवं प्राधिकरणों के कर्मचारियों को भी सरकारी कर्मचारियों के समान शिथलीकरण का लाभ प्रदान किया जाए।

वन विकास निगम के स्केलर कर्मचारियों के वेतनमान संशोधन की मांग बैठक में उत्तराखण्ड वन विकास निगम के स्केलर वर्ग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति पर भी गंभीर चर्चा हुई। महासंघ ने उनके वर्तमान वेतनमान (₹19900-63200, लेवल-2, ग्रेड पे ₹1900) को संशोधित कर ₹21700-69100, लेवल-3, ग्रेड पे ₹2000 करने का प्रस्ताव पारित किया।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी मांगों को लेकर शीघ्र ही शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी: प्रेम सिंह चौहान, सुन्दराम टमटा, कुनाल शर्मा, महेन्द्र सिंह गैड़ा, केदार सिंह चौहान, गिरीश प्रसाद जोशी, देवीराम सेमवाल, चतर सिंह, कीरत सिंह नेगी, सुरेन्द्र कुमार, सुनील पुण्डीर, दलीप सिंह रावत, रणजीत सिंह रावत, प्रभात बंसल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button