उत्तराखंडताजा खबरें

पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, पति ही निकला हत्यारा

  • कट्टे में मिला था महिला का शव
  • दूसरी पत्नी को लेकर विवाद बना हत्या की वजह

देहरादून:  देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में प्लास्टिक के कट्टे में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति ने ही गला दबाकर की थी और शव को जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 11 मार्च 2026 का है, जब प्रेमनगर क्षेत्र के मोडूवाला रोड स्थित शीतला माता मंदिर परिसर के पास एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन शव कई दिन पुराना होने और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आठ टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया और करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए झुग्गी-बस्तियों, निर्माण स्थलों और मजदूरों के बीच व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। करीब 5000 लोगों से पूछताछ की गई और पर्चे बांटकर भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद 19 मार्च को पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में पता चला कि एक निर्माणाधीन मकान में काम करने वाला मजदूर रंजीत शर्मा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहता था, लेकिन होली के बाद से उसकी पत्नी अचानक गायब हो गई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने रंजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी रूपा कुछ समय पहले उसके पास देहरादून आई थी और दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 5 मार्च की रात विवाद बढ़ने पर उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में डालकर कमरे में छिपाए रखा और चार दिन बाद मौका मिलते ही उसे शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका हाल ही में बिहार से आई थी, जिससे आरोपी को लगा कि उसकी पहचान नहीं हो पाएगी।

पुलिस ने आरोपी रंजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को अधिकारियों द्वारा नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button