PM मोदी के देहरादून आगमन की तैयारियां जोरों पर, आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक रूट को 13 जोनों में बांटा

देहरादून: माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में भ्रमण कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को लेकर जोनल, सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे भ्रमण मार्ग (आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक) पर जनमानस का स्वैच्छिक सहयोग प्राप्त करने और हजारों की संख्या में आमजन के प्रतिभाग की संभावना है। उन्होंने पूरे रूट को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है।
इन व्यवस्थाओं पर दिया गया विशेष जोर:
- लॉ एंड ऑर्डर का अक्षरशः अनुपालन
- सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता
- पेयजल, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और बैरिकेडिंग
- स्वच्छता और मोबाइल शौचालय
- मुख्य कार्यक्रम स्थल महेंद्र ग्राउंड में पंडाल, बैठने की व्यवस्था और सूक्ष्म जलपान
डीएम सविन बंसल ने निर्देश दिए कि मार्ग पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिसमें स्थानीय लोक संस्कृति, वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक दलों के माध्यम से देहरादून की सांस्कृतिक झलक दिखाई जाए।
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करने वाले हैं। उसके बाद देहरादून भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह सहित सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।




