उत्तराखंडराज्य

मंत्रालयी केंद्रीय दल ने पौड़ी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया

सैंजी गांव में ग्रामीणों से नुकसान का ब्यौरा लिया

पौड़ी गढ़वाल: दैवीय आपदा से हुए नुकसान का वैज्ञानिक आंकलन करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
दल ने तहसील पौड़ी के सैंजी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और राहत कार्यों, आवश्यकताओं व समस्याओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

दल ने क्षतिग्रस्त मकानों, सड़कों, पुलों, सार्वजनिक भवनों, पेयजल योजनाओं, विद्युत लाइनों, कृषि भूमि, फसलों, पशुधन एवं आजीविका से जुड़े संसाधनों की क्षति का गहन अध्ययन किया। आपदा के दौरान उपलब्ध कराई गई खाद्यान्न सामग्री, पेयजल, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आश्रय, बचाव कार्यों तथा मूलभूत सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की। दल ने ड्रोन सर्वे का अवलोकन कर प्रशासन की त्वरित कार्यवाही की सराहना की और संतोष व्यक्त किया।

दल के नेतृत्वकर्ता संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य आपदा से हुई वास्तविक क्षति का तथ्यात्मक आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपना है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण व जनजीवन सामान्य करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि केंद्रीय दल की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार आवश्यक निर्णय लेगी। इससे केंद्र व राज्य सरकारों के बीच समन्वय बढ़ेगा और पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।

केंद्रीय दल का नेतृत्व संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने किया। दल में उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह और वित्त निदेशक शैलेश कुमार शामिल थे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button