50 हजार की घूस लेते आंगनवाड़ी सुपरवाइजर रंगे हाथ पकड़ी गई

हरिद्वार/देहरादून: विजिलेंस टीम ने रुड़की के बाल विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात आंगनवाड़ी सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
सुपरवाइजर पर आंगनवाड़ी सहायिका को प्रमोशन दिलाने के एवज में घूस मांगने का आरोप था। सहायिका की लिखित शिकायत पर विजिलेंस टीम ने छापेमारी की और जाल बिछाया।
बुधवार को जब सहायिका ने 50 हजार रुपये की रकम सुपरवाइजर राखी सैनी को सौंपी, उसी समय टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।
राखी सैनी रुड़की ग्रामीण द्वितीय क्षेत्र में तैनात हैं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने सहायिका (केंद्र संख्या-7 भौरी) से प्रमोशन के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। विजिलेंस टीम अब उनकी भूमिका की भी गहन जांच कर रही है और पूरे रिश्वत के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हुई है।
इस मामले में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




