उत्तराखंडताजा खबरें

केदारताल ट्रेक हादसा: बर्फ में दबे तीन और ट्रेकर्स के शव बरामद, अब तक 7 की मौत

  • SDRF और NIM की संयुक्त टीम ने चलाया सर्च अभियान
  • 8 लापता लोगों में से एक की तलाश अब भी जारी

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के दौरान शुक्रवार को तीन और शव बरामद किए गए। SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम ने सघन सर्च अभियान चलाकर बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से निकाले। इसके साथ ही हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक अन्य लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।

06 नवंबर को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर संयुक्त रेस्क्यू टीम ने लापता व्यक्तियों के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आए तीन पुरुषों के शव बरामद हुए। रेस्क्यू टीम ने सभी शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से शवों को मातली हेलीपैड लाया गया, जिसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

इससे पहले चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में चार शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुक्रवार को तीन और पुरुषों के शव मिलने के बाद अब तक बरामद शवों की संख्या सात हो गई है। इनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारताल ट्रेक पर कुल आठ व्यक्ति लापता हुए थे। इनमें से सात के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

दुर्गम परिस्थितियों में जारी है रेस्क्यू अभियान

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम और उच्च हिमालयी क्षेत्र में अभियान चला रही हैं। भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद SDRF, NIM और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button