खेल और शिक्षा का अनोखा संगम, तैयार हो रहे सशक्त विद्यार्थी: पूर्व CM त्रिवेन्द्र

- नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन
- यह नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास, कौशल उन्नयन एवं आधुनिक, रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण
देहरादून: गुरु तेग बहादुर जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत श्री गुरू राम राय इण्टर कॉलेज, मथुरावाला में आयोजित सत्र 2026–27 के प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा नवनिर्मित कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं प्रधानाचार्य दिनेश डोबरियाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं विजनरी नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहे हैं। यह नीति विद्यार्थियों के समग्र विकास, कौशल उन्नयन एवं आधुनिक, रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालयों में खेल गतिविधियों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाल ही में आयोजित देशव्यापी सांसद खेल महोत्सव में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र से स्कूली विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी इस तथ्य का स्पष्ट प्रमाण है कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों के प्रति भी विद्यार्थियों में उत्साह एवं जागरूकता निरंतर बढ़ रही है, जो उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सांसद रावत ने मां सरस्वती से प्रार्थना करते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें ज्ञान एवं संस्कार के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व राज्यमंत्री खेम पाल सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




