MDDA की सख्त कार्रवाई, सुभाष नगर में अवैध निर्माण सील

- “नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार जारी रहेगी सख्त कार्रवाई”- बंशीधर तिवारी
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सुव्यवस्थित शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए सख्त कार्रवाई करते हुए सुभाष नगर क्षेत्र में एक अवैध निर्माण को सील कर दिया है। प्राधिकरण अपनी इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दे रहा है कि देहरादून में अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, पंत मार्ग, सुभाष नगर निवासी सविता गहलोत द्वारा स्वीकृत मानचित्र संख्या आर-3735/24-25 से भिन्न तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा था। जांच में पता चला कि दो अलग-अलग नक्शों को जोड़कर नियमों के विरुद्ध निर्माण कार्य चल रहा था, जो भवन उपविधियों का स्पष्ट उल्लंघन था।
एमडीडीए ने तत्काल प्रभाव से इस निर्माण को सील करने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के आदेश पर सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता नेहा और सुपरवाइजर की टीम द्वारा की गई।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियोजित और सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। आमजन को किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संपत्ति या प्लॉट की खरीदारी से पहले एमडीडीए से उसकी वैधानिक स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, अन्यथा भविष्य में गंभीर कानूनी और आर्थिक परेशानी हो सकती है।
प्राधिकरण ने नागरिकों को आगाह किया है कि बिना स्वीकृति के चल रहे निर्माण या अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। एमडीडीए लगातार ऐसे अभियान चला रहा है ताकि देहरादून में नियोजित और सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित हो सके।




