उत्तराखंडताजा खबरें

पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही गांव के सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत

  • रिखणीखाल के कलवाड़ी बैंड के पास 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको कार
  • चार लोग घायल, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल में चल रहा उपचार
  • हादसे के बाद भंगलवाड़ गांव में पसरा मातम, मुख्यमंत्री ने राहत-बचाव कार्य तेज करने को कहा

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव की सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। रिखणीखाल विकासखंड के सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक इको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की भी मौत हो गई। घटना के बाद भंगलवाड़ गांव में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल विकासखंड के कोटनाली-भंगलवाड़ क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं शनिवार को बैंक संबंधी कार्य से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी इको कार से अपने गांव लौट रही थीं। वाहन का मालिक अनिल देवराड़ा स्वयं कार चला रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव पहुंचने से पहले कलवाड़ी बैंड के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी आठ मृतकों के शव खाई से बाहर निकाले गए। वहीं, चार घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सात महिलाओं समेत आठ मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांती देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, वाहन चालक अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानंद, सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) के रूप में हुई है। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।

चार लोग घायल, रिखणीखाल में उपचार जारी

दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान शशी देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश सिंह के रूप में हुई है। सभी घायल भी भंगलवाड़ गांव के निवासी हैं। उन्हें प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया गया है।

लैंसडाउन थाने की सीओ अस्मिता के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। सभी मृतकों के शव खाई से बाहर निकाल लिए गए हैं। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, एयरलिफ्ट करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

एक ही गांव के आठ लोगों की असमय मौत से भंगलवाड़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जिन महिलाओं का रोजमर्रा का कामकाज गांव की आजीविका और आपसी सहयोग से जुड़ा था, उनके एक साथ चले जाने से ग्रामीणों में गहरा दुख है।

Related Articles

Back to top button