नशा तस्करों की सप्लाई चेन तोड़ेगी पौड़ी पुलिस, नए एसएसपी ने बताईं प्राथमिकताएं

- साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलेगा व्यापक अभियान
- यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से निपटने के लिए बनेगा प्रभावी प्लान
- महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई और जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा विशेष ध्यान
पौड़ी: नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सुधार पौड़ी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर सप्लाई चेन की हर कड़ी पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने शनिवार को जिले के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक वार्ता में अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
एसएसपी ने पत्रकारों से परिचय प्राप्त करने के साथ जिले की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकारिता दोनों ही समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय, पारस्परिक विश्वास और नियमित संवाद सुशासन तथा जनहित के लिए आवश्यक हैं।
नशा तस्करी के नेटवर्क पर होगी चोट
एसएसपी ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। नशे की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन और वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर तस्करों की सप्लाई चेन ध्वस्त करने के लिए कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात और साइबर अपराधों पर फोकस
जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित चेकिंग और कार्रवाई होगी। साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की बात कही।
महिला अपराधों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के साथ कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना विकसित करना भी पुलिस की प्राथमिकता होगी।
मीडिया के साथ नियमित संवाद पर जोर
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा आमजन तक सही और तथ्यपरक सूचनाएं पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने पत्रकारों से पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव और सहयोग देने की अपेक्षा की।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस मीडिया के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध बनाए रखेगी और जनहित से जुड़े विषयों पर सूचनाओं का समयबद्ध एवं तथ्यपरक आदान-प्रदान सुनिश्चित करेगी।




