उत्तराखंडताजा खबरें

आपदा से निपटने की तैयारियों का अभ्यास, देहरादून में 33 स्थानों पर मॉक ड्रिल

  • अस्पतालों, स्कूलों, सीएनजी स्टेशन और पर्यटन स्थलों पर आयोजित हुए अभ्यास
  • विभिन्न विभागों ने राहत-बचाव और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का किया प्रदर्शन
  • सिलक्यारा सुरंग हादसे में 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू की याद में आयोजन

देहरादून:आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून जनपद में 33 विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान, सुरक्षा ऑडिट और मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। इस दौरान प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय को परखा गया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग हादसे में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इसी रेस्क्यू अभियान की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।

देहरादून जनपद में कोरोनेशन अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी-मोहब्बेवाला, खनकाड़ी गांव कालसी, वन विभाग डिवीजन थानों, क्रॉसरोड मॉल, जीआईसी सेलाकुई, रोपवे गनहिल, भारत भूमि टूरिज्म कॉम्प्लेक्स, वन विभाग रेंज मसूरी, दून अस्पताल, एसडीएच प्रेमनगर, एसडीएच ऋषिकेश, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी, जीआईसी लाखामंडल, जीआईसी संभावाला, जीआईसी नालापानी, जीआईसी माजरी ग्रांट सहित कुल 33 स्थानों पर मॉक अभ्यास किए गए।

इन अभ्यासों में खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना, अचानक बाढ़, भीड़ नियंत्रण, सुरंग दुर्घटना, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, आग लगने, भूस्खलन, भूकंप और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थानों पर संचालित मॉक अभ्यास की लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई, ताकि गतिविधियों की निगरानी और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।वनाग्नि नियंत्रण के लिए भी परखी गई तैयारियां

वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के अंतर्गत तिलवाड़ी बीट के कक्ष संख्या-08 में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वनाग्नि की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। आग के तेजी से फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीम बुलाई गई। इसी दौरान एक वनकर्मी के घायल होने की सूचना पर मेडिकल टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया।

इसी क्रम में भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी की लांघा रेंज के अंतर्गत तौली बीट के दक्षिणी भाग के कक्ष संख्या-03 में भी वनाग्नि नियंत्रण का अभ्यास हुआ। आग लगने की सूचना पर वनकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त टीम तैनात की। अभ्यास के दौरान एक वनकर्मी के घायल होने पर मेडिकल टीम को भी मौके पर भेजा गया। इस दौरान लांघा, चौहड़पुर और टिमली रेंज के वनकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

आशारोड़ी में सड़क दुर्घटना का अभ्यास, आठ घायलों को निकाला

आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना पर आधारित मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें संबंधित विभागों की टीमों ने समयबद्ध कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। दुर्घटना में कुल आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया। इनमें दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह अन्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

अभ्यास के दौरान दुर्घटनास्थल पर डीजल रिसाव के कारण आग लगने की संभावित आशंका से निपटने की कार्रवाई भी की गई। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।

डी-ब्रीफिंग में कमियों और सुधार के बिंदुओं पर चर्चा

मॉक अभ्यास समाप्त होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इसमें अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और सुधार की संभावनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही आपदा की वास्तविक स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button