उत्तराखंडताजा खबरें

खराब मौसम बना राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे में बाधा, अल्मोड़ा-पौड़ी कार्यक्रम रद्द

देहरादून/पंतनगर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड का प्रस्तावित दो दिवसीय दौरा खराब मौसम की वजह से बाधित हो गया। अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए राहुल गांधी को पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम और लो विजिबिलिटी के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके चलते उन्हें बीच रास्ते से पंतनगर लौटना पड़ा और बाद में दिल्ली रवाना होना पड़ा। उनकी पांच जून को देहरादून में होने वाली बैठक भी रद्द कर दी गई है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला था। अल्मोड़ा और पौड़ी दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उनके स्वागत और जनसभाओं के लिए एकत्रित हुए थे। मौसम की बाधा के बावजूद राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि वे उत्तराखंड आकर प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण कार्यक्रम पूरे नहीं हो सके। उन्होंने जनता से जल्द दोबारा उत्तराखंड आने का वादा किया और कहा कि अगली बार वे पूरा समय निकालकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण सुरक्षा की दृष्टि से हेलीकॉप्टर उड़ान की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद उन्हें पंतनगर लौटना पड़ा।
दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और 2027 में परिवर्तन तय है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।
कार्यक्रमों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पहले पंतनगर एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक तिलक राज बेहड़, काजी निजामुद्दीन समेत अन्य नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button