उत्तराखंडताजा खबरें

प्रेमनगर में लूट के बाद मुठभेड़: एक बदमाश मारा गया, SHO समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 29 अप्रैल की देर रात एक लूट की घटना के तुरंत बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जोरदार मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रेमनगर के कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की है और उसे गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस को पता चला कि देवराज नामक व्यक्ति काले रंग की गुजरात नंबर प्लेट वाली कार में सवार बदमाशों द्वारा लूट लिया गया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसके नीले बैग से लगभग दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।घायल देवराज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार देखकर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। घायल बदमाश, घायल देवराज और घायल प्रभारी निरीक्षक को प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर से कोरोनेशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रेमेंदर डोभाल और पुलिस अधीक्षक नगर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। जनपद के सभी नाकों और बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा राज्य की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button