उत्तराखंडताजा खबरें

काजल हत्याकांड: कंट्रोल रूम में सूचना देकर पति फरार

  • क्लेमेनटाउन में 26 वर्षीय काजल की गोली लगने से मौत
  • कंट्रोल रूम में फोन कर पति ने दी वारदात की सूचना
  • हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गठित

देहरादून: क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। वारदात के बाद उसका पति धीरज पंवार फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी और इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने तत्काल उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला।
कंट्रोल रूम में सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
फोन करने वाले की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई और लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस एक प्लॉट के भीतर बने कमरे तक पहुंची। वहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम द्वारा मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी तलाश कर रही है।
काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास रह रही थी। वह मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, उसका पति धीरज पंवार भी उसके साथ रहता था। काजल क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मित्तल लेन स्थित एक घर में केयरटेकर के रूप में काम करती थी।
कई दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई
मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि धीरज को काजल के दूसरे लोगों से संबंध होने का शक था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस फिलहाल वारदात के कारण, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और आरोपी के घटनास्थल से फरार होने की परिस्थितियों समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button