उत्तराखंडताजा खबरें

राशन की गुणवत्ता से समझौता नहीं, गोदामों का निरीक्षण करेंगे एसडीएम

  • उचित दर दुकानों पर साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें अधिकारी-डीएम
  • जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को दिए निगरानी और निरीक्षण के निर्देश
  •  एक सप्ताह में मांगी कार्रवाई की आख्या

देहरादून: सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने उचित दर दुकानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उचित दर दुकानों की निगरानी के लिए स्थानीय अधिकारियों की तैनाती करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उचित दर दुकानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न वितरित किया जाए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी पर जोर दिया गया है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को राजकीय अन्न भंडारों का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान गोदामों से उचित दर दुकानों को भेजे जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदामों से केवल गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न ही उचित दर दुकानों को उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही, उचित दर दुकानों और राजकीय अन्न भंडारों के निरीक्षण तथा की गई कार्रवाई की आख्या एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button